दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में बेखौफ रेत माफिया की गुंडागर्दी, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के नियमों की सरेआम उड़ती धज्जियां और विरोध करने पर जानलेवा हमले का एक खौफनाक मामला सामने आया है। माखन नगर क्षेत्र के रजौन स्थित तवा नदी में 25 सितंबर की रात हुए इस सनसनीखेज कांड का वीडियो जैसे ही सामने आया, ‘लल्लूराम.com’ ने रेत माफिया के इस काले कारनामे को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का त्वरित असर यह हुआ कि माखननगर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और चार नामजद दबंगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें: 1000 एंबुलेंस के साथ दिल्ली कूच! MP के प्राइवेट डॉक्टरों का बड़ा ऐलान; 8 अक्टूबर से आयुष्मान योजना का बहिष्कार
अवैध खनन का विरोध पर लोडर से कुचलने की कोशिश
नियमों के अनुसार, 1 जुलाई से 30 सितंबर तक मानसून सीजन के दौरान नदियों से रेत के खनन पर NGT की सख्त पाबंदी रहती है। इसके बावजूद रजौन में तवा नदी से धड़ल्ले से अवैध रेत का उत्खनन और चोरी की जा रही थी। 25 सितंबर की रात जब फरियादी राज कीर और स्थानीय ग्रामीणों ने माफिया की इस सीनाजोरी का विरोध किया, तो बौखलाए आरोपियों ने ट्रैक्टर-लोडर की बकेट से राज को सीधे कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया।
4 पर केस दर्ज, खनिज अधिकारी पर भी कर चुके हैं हमला
माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी जीतू कीर, राहुल कीर, कुमर सिंह और सूरज कीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी जीतू और राहुल इतने शातिर व बेखौफ हैं कि कोविड काल से पहले जांच करने पहुंचे खनिज विभाग के अधिकारी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें: टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर आक्रोश! सिरमौर में ग्रामीणों ने बैरंग लौटाई मशीनें, 100 गांवों में बगावत
वायरल वीडियो के फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के मूल वीडियो फुटेज को खंगाल रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। ‘Lalluram.com’ के इस बड़े खुलासे और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद से ही क्षेत्र के अवैध रेत खनन माफिया गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

