संसद में मंगलवार को सत्ता पक्ष NDA द्वारा विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया गया. NDA के सांसदों ने मार्च के दौरान ‘राहुल गांधी भागना मत’ वाले पोस्टर लहराए. प्रियंका गांधी के सामने BJP सांसदों ने राहुल गांधी शर्म करो, शर्म करो के नारे लगाए. संसद के मानसून सत्र में छात्र प्रदर्शन और उससे जुड़े मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार टकराव बना हुआ है, जिसके कारण सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हो रही है.

संसद के मानसून सत्र के आखिरी हफ्ते में भी सरकार और विपक्ष में गतिरोध बरकरार है. संसद के बाहर विपक्ष का विरोध कर रहे सत्ता पक्ष के सासंदों ने राहुल गांधी के इस्तीफे को लेकर नारे लगाए.

आज संसद सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले NDA पक्ष के सांसदों ने झारखंड छात्रों के मुद्दे पर मार्च निकाला. आज सत्ता पक्ष के सांसद उसी तेवर में नजर आए, जैसे कुछ दिनों पहले से विपक्षी सांसदों को देखा जा रहा है. इस दौरान NDA सांसद विपक्ष पर संसद में चर्चा से भागने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

20 जुलाई को शुरू हुआ संसद का यह मानसून सत्र13 अगस्त को समाप्त होने जा रहा है. पर अभी भी सरकार और विपक्ष में गतिरोध बरकरार है.

संसद भवन में एनडीए सांसदों के मार्च के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पहुंचीं. इस दौरान संसद के ‘मकर द्वार’ पर बीजेपी सांसद मुकेश दलाल ने प्रियंका गांधी से पोस्टर के माध्यम से सवाल किए ‘झारखंड में छात्रों पर हुई निर्दयता पर राहुल गांधी जवाब दो’. इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने झारखंड के छात्रों से मुलाकात की.

प्रियंका गांधी के सामने बीजेपी सांसदों ने राहुल गांधी शर्म करो, शर्म करो के नारे लगाए. हालांकि सत्तापक्ष के सांसदों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन पर भी प्रियंका गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि पहली बार आज मैंने देखा है कि सत्तापक्ष के सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं.  इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री अमित शाह से संसद में आकर इस मुद्दे पर बयान देने की मांग की.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m