Doha Diamond League:भारत के स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा एक बार फिर प्रतिस्पर्धी एथलेटिक्स में वापसी के लिए तैयार हैं। नीरज 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे और करीब 275 दिनों बाद किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नजर आएंगे। पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहने के बाद उन्होंने किसी भी बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था।
नीरज चोपड़ा भारतीय एथलेटिक्स के सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था, जबकि पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक अपने नाम किया था। ऐसे में उनकी वापसी पर खेल प्रेमियों की नजरें टिकी हुई हैं।
दोहा में फिर 90 मीटर का आंकड़ा छूने की उम्मीद
दोहा डायमंड लीग नीरज के लिए खास रही है। पिछले संस्करण में उन्होंने 90.23 मीटर का शानदार थ्रो किया था, जो उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में शामिल है। हालांकि उस मुकाबले में जर्मनी के जूलियन वेबर ने अंतिम प्रयास में 91.06 मीटर का थ्रो कर खिताब अपने नाम कर लिया था।
इस बार भी नीरज से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। हरियाणा के रहने वाले नीरज वर्तमान में अपने कोच और फिजियो के साथ स्विट्जरलैंड में 47 दिनों के विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रहे हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी तैयारी
दोहा डायमंड लीग के साथ-साथ नीरज की नजर आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स पर भी है। भारतीय टीम में उनका चयन किया जा चुका है, लेकिन अंतिम रूप से अपनी जगह पक्की करने के लिए उन्हें भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के निर्धारित मानक के अनुसार कम से कम 82.61 मीटर का थ्रो करना होगा।
यदि नीरज कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेते हैं तो जैवलिन थ्रो स्पर्धा में भारत की ओर से तीन खिलाड़ी मैदान में उतर सकते हैं। रोहित यादव और यशवीर सिंह पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं।
दोहा में दिखेगी दिग्गजों की टक्कर
दोहा डायमंड लीग में इस बार दुनिया के कई शीर्ष जैवलिन थ्रो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में त्रिनिदाद और टोबैगो के पूर्व ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वालकॉट और श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे भी चुनौती पेश करेंगे।
इसके अलावा ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स, अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन और चेक गणराज्य के याकूब वालेश जैसे खिलाड़ी भी मैदान में उतरेंगे। एंडरसन पीटर्स इस सीजन में 86.08 मीटर, कुर्टिस थॉम्पसन 85.33 मीटर और याकूब वालेश 85.24 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर चुके हैं।
अरशद नदीम नहीं होंगे हिस्सा
दोहा डायमंड लीग में पाकिस्तान के स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी और पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम हिस्सा नहीं लेंगे। ऐसे में नीरज चोपड़ा के पास शानदार प्रदर्शन कर सीजन की मजबूत शुरुआत करने का बेहतरीन मौका होगा।
भारतीय खेल प्रेमियों की नजरें अब 19 जून पर टिकी हैं, जब नीरज चोपड़ा एक बार फिर मैदान पर उतरकर अपने दमदार थ्रो से देश का नाम रोशन करने की कोशिश करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

