दीपक कौरव, नरसिंहपुर। रिश्तों को तार-तार करने वाली एक खबर जिले से सामने आई है। गोटेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देगुवा गांव में मामूली विवाद के चलते एक कलयुगी भतीजे ने अपने ही 65 वर्षीय बुजुर्ग चाचा की हथौड़ी मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें: जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: तीन फीट जमीन के लिए अधेड़ की हत्या, कुल्हाड़ी-लाठियों से किया हमला, पत्नी व पुत्र घायल 

दीवार उठाने को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार देगुवा गांव के झांसीघाट निवासी फूलसिंह मेहरा के घर पर मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। उनके घर के ठीक बाजू में उनका भतीजा सोनू मेहरा रहता है। बुधवार को घर की दीवार उठाने की बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर सोनू ने अपने बुजुर्ग चाचा फूलसिंह पर हथौड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

जबलपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

हथौड़ी के गंभीर वार से फूलसिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने आनन-फानन में घायल वृद्ध को गोटेगांव अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद फूलसिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, जबलपुर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद फूलसिंह मेहरा को मृत घोषित कर दिया।

आरोपी भतीजा गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही गोटेगांव थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी भतीजे सोनू मेहरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें: छात्रों को परोसा कीड़े वाला खाना, ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण’ के दौरान छात्रावास में मचा हंगामा, Video Viral

SDOP ने दी जानकारी

इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए गोटेगांव एसडीओपी (SDOP) मनीष त्रिपाठी ने बताया कि दीवार के विवाद को लेकर भतीजे ने चाचा पर हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m