आकाश श्रीवास्तव, नीमच। जावद तहसील के ग्राम कानका में महज तीन फीट जमीन के विवाद ने एक परिवार को गहरे शोक में डाल दिया। बुधवार सुबह खेत पर बुलाकर एक अधेड़ की कथित रूप से कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक की पत्नी और पुत्र भी घायल हो गए। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
READ MORE: लोन की किस्तें जारी लेकिन मकान अधूरा, आखिर कब तक EMI और किराया भरेंगे PM आवास योजना के हितग्राही ?
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पूरणमल पिता बद्रीलाल तेली के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि भूमि विवाद को लेकर पिछले करीब 15 दिनों से दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। बुधवार सुबह पूरणमल को खेत पर बुलाया गया, जहां उनके सगे भाई रामनिवास सहित 8 से 10 लोग पहले से मौजूद थे।
परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने पहले पूरणमल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और इसके बाद कुल्हाड़ी व लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व सामाजिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। इसी विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया।
घटना में मृतक की पत्नी संपतबाई तथा पुत्र जीवन भी घायल हुए हैं। संपतबाई का उपचार जिला चिकित्सालय नीमच में जारी है, जबकि जीवन का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार जरूरत पड़ने पर संपतबाई को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
मृतक की पुत्री वंदना ने रामनिवास सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि भूमि विवाद को लेकर पूर्व में भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह गंभीर घटना घटित हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।
READ MORE: सैलाना में गाय का कटा सिर और अवशेष मिलने पर बवाल, देर रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है तथा आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्राम कानका में हुई इस हत्या की घटना से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

