० एसपी से मिले मृतका के पिता, मंगलवार को CBI अधिकारियों के साथ होगी अहम बैठक

भिवानी। हरियाणा के चर्चित टीचर मनीषा मौत मामले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इंसाफ की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा परिवार अब आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहा है। सोमवार को मृतका मनीषा के पिता संजय ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर जांच में तेजी लाने की मांग की। वहीं मंगलवार को परिवार की टीम सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात करेगी।

मनीषा के पिता ने बताया कि सीबीआई ने जांच पूरी करने के लिए कुछ और समय मांगा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि यदि अगले 20 दिनों के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ तो परिवार दोबारा बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा।


निष्पक्ष जाँच की मांग

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भिवानी की शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। लंबे समय तक चले धरने, प्रदर्शन और जनदबाव के बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।

परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि जांच एजेंसी को मामला सौंपे जाने के बावजूद अब तक किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंचा जा सका है। यही वजह है कि परिवार ने अब जांच की गति पर सवाल उठाते हुए सीबीआई को 20 दिन का समय दिया है।

अब सबकी निगाहें मंगलवार को होने वाली परिवार और सीबीआई अधिकारियों की बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ सकता है।