झारखंड के जेलों में बड़े अपराधियों के पास मोबाइल फोन बेहद आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं. इसका खुलासा कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा की वजह से हुआ है. रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित कर लाई गई महिला कैदी रिया सिन्हा के पास से जेल में प्रवेश के दौरान जांच में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चार्जर समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने का मामला सामने आया है.
रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद रिया सिन्हा को सुरक्षा कारणों से चाईबासा जेल शिफ्ट किया गया. जेल प्रशासन के आदेश पर रिया सिन्हा को रांची जेल से चाईबासा जेल शिफ्ट करने का आदेश हुआ.
हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती और अपहरण जैसे संगीन अपराधों में नामजद कुख्यात महिला अपराधी और झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. चाईबासा मंडल कारा जेल में प्रवेश के दौरान जांच में उसके पैंट की जेब में रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, चार टूटे हुए सिम कार्ड, वीवो कंपनी का मोबाइल चार्जर, बोट कंपनी का चार्जिंग एडॉप्टर तथा लिखावट से भरी एक कॉपी बरामद की गई.
जेल में प्रवेश से पहले सुरक्षा मानकों के तहत मुख्यालय डीएसपी पूजा कुमारी और महिला थाना प्रभारी शीला मिंज के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली. इस मामले में सदर थाना प्रभारी हीरा लाल महतो के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
रिया पहले भी जेल जा चुकी है. अक्टूबर 2025 महीने में रांची पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी की थी. गिरफ्तार अपराधियों ने बयान दिया था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह एक साथ काम कर रहे हैं और दोनों गैंग्स के बीच की कड़ी रिया सिन्हा है.
जेल प्रशासन के अनुसार, रिया सिन्हा के खिलाफ रंगदारी वसूली सहित कुल 14 मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं. पुलिस का दावा है कि वह अपने पति सुजीत कुमार सिन्हा, जो खुद भी पेशेवर अपराधी है. रिया पति के साथ मिलकर संगठित अपराधों को अंजाम देती रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

