भुवनेश्वर। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने ओडिशा में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है, जबकि कुल 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी 28 जून तक प्रभावी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर, रायगढ़ा, नुआपड़ा और कालाहांडी शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के ओडिशा में पूरी तरह सक्रिय होने के बाद कई क्षेत्रों में मौसम अस्थिर बना हुआ है और लगातार बारिश दर्ज की जा रही है।

तटीय और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए 14 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कुल 24 जिलों में सतर्कता की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा नुआपड़ा, बोलंगीर और कालाहांडी जिलों में विशेष रूप से 28 जून तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H