बांदा. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर सोमवार (2 नवंबर) को बांदा पहुंचे. यहां बबेरू इलाके में आयोजित जन अधिकार महारैली में उन्होंने अपने अंदाज में बयान दिया. राजभर ने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताया. उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और अभय सिंह जैसे लोग उनके यहां दरबार करते हैं.
इसे भी पढ़ें- अग्निवीरों के लिए सीएम योगी का बड़ा एलान, हर विभाग में मिलेगा 20% आरक्षण, बिना परीक्षा सीधी भर्ती
‘हमसे बड़ा इस देश में गुंडा कौन है’
भागीदारी पार्टी की ओर से आयोजित जन अधिकार महारैली में राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि वह सुनते हैं कि बांदा में बहुत बड़े गुंडे रहते हैं. इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि उनसे बड़ा गुंडा देश में कौन है. राजभर ने दावा किया कि मुख्तार अंसारी, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और अभय सिंह जैसे लोग उनके यहां दरबार करते हैं.
‘आंख दिखाने वाले की दूसरी आंख निकालने की हैसियत’
राजभर ने मंच से कहा कि अगर कोई उनके समाज के लोगों को आंख दिखाने की कोशिश करेगा, तो उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत उनके पास है. उन्होंने लोगों से डर छोड़कर अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की अपील की.
‘अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी’
सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि वह पहली बार बांदा आए हैं और समाज के लोगों को एकजुट करने पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि उनका समाज अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी चाहता है. राजभर ने लोगों से पूछा कि कितने लोग उनकी बात से सहमत हैं. उन्होंने कहा कि अब किसी दूसरे दल का झंडा पकड़ने के बजाय अपने समाज की पार्टी का साथ देना चाहिए.
गरीबों के हक और सम्मान की बात उठाई
राजभर ने कहा कि गरीबों के हक और सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पिछली सरकारों पर गरीबों के लिए आने वाली योजनाओं के पैसे में बंदरबांट करने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि पहले आवाज उठाने पर गरीबों को अपमानित किया जाता था, लेकिन अब समाज जागरूक हो चुका है.

