लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दिए जाने पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है. उन्होंने अखिलेश को अपने विधानसभा क्षेत्र जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी. राजभर ने कहा कि अखिलेश को मुख्यमंत्री योगी की चुनौती स्वीकार कर आमने-सामने चुनाव लड़ना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- गंभीर अपराध का खुलासा होने पर FIR का आदेश देना जरूरी, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द किया CJM का फैसला
‘अयोध्या नहीं तो जहूराबाद आकर लड़ लें’
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने से डर रहे हैं तो जहूराबाद आकर उनसे मुकाबला कर लें. उन्होंने दावा किया कि इससे अखिलेश को उनकी और एनडीए गठबंधन की राजनीतिक ताकत का पता चल जाएगा. राजभर ने कहा कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश की चुनौती स्वीकार कर ली है, तो सपा प्रमुख को पीछे नहीं हटना चाहिए और आमने-सामने चुनाव लड़ना चाहिए.
मोदी सरकार के कामकाज की तारीफ की
राजभर ने केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि गरीबों को राशन और गैस सिलेंडर मिल रहा है, जबकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि गरीबों की पेंशन 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये की गई है. उनके मुताबिक, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण व्यवस्था से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है.
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में विकास का दावा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ गांवों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों का भी विस्तार हुआ है. उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों को लेकर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार के कामकाज से गरीब, किसान और युवा संतुष्ट हैं.
इसे भी पढ़ें- यूपी में नवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, विंध्याचल में सुबह 8:30 बजे तक 3 लाख भक्तों ने किए दर्शन
चुनाव आयोग के बचाव में उतरे राजभर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवालों को लेकर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अखिलेश यादव की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की आलोचना की. राजभर ने कहा कि विपक्ष को झूठ के सहारे राजनीति नहीं करनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ती रहेगी.

