अभय मिश्रा, मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज में कॉलेज पढ़ने गई 19 वर्षीय बीएससी छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा का सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। पुलिस पर शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय थाने-थाने भटकाने का गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने रीवा-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक हाईवे पर आवागमन ठप रहा। आखिरकार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश तथा छात्रा को जल्द तलाशने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

READ MORE: ‘प्यार से कोई देता है तो रख लेता हूँ…’ लोकायुक्त के शिकंजे के बाद बेशर्म EE का वीडियो हुआ वायरल; प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड

मऊगंज जिले के दुबगवा गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा बीएससी द्वितीय वर्ष में पढ़ाई करती है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। शाम करीब 4 बजे मां से फोन पर बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह खटखरी पहुंच चुकी है और ऑटो से घर लौट रही है। लेकिन इसके बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। रात 8 बजे तक जब छात्रा घर नहीं पहुंची और परिजनों का संपर्क भी नहीं हुआ, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने खटखरी पहुंचकर तलाश की, लेकिन छात्रा का कहीं कोई पता नहीं चला।

READ MORE: सर्पदंश से मासूम की मौत: खेलते-खेलते 7 साल के बच्चे को जहरीले सांप ने डसा; अस्पताल में इलाज के दौरान थम गई सांसें

छात्रा के पिता सुग्रीम पटेल का आरोप है कि वे गुरुवार रात करीब 9 बजे शिकायत लेकर पुलिस थाना हनुमना के पास पहुंचे, लेकिन उन्हें सीमा विवाद का हवाला देकर खटखरी चौकी, मऊगंज थाना और शाहपुर थाने के चक्कर कटवाए गए। परिजनों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस की कथित लापरवाही और छात्रा का सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजन और ग्रामीण शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बढ़ैया के पास रीवा-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठ गए। देखते ही देखते प्रदर्शन ने चक्काजाम का रूप ले लिया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

चक्काजाम की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तहसीलदार शिवम गौतम ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर उसकी प्रति परिजनों को उपलब्ध करा दी गई है। साइबर सेल की मदद से छात्रा की कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश की जा रही है। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम के मुताबिक, परिजनों की मांग पर गुरुवार रात ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया था। छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और साइबर सेल भी सक्रिय है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m