सत्या राजपूत, रायपुर। लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का बड़ा असर हुआ है। वर्षों से दबंगों के कब्जे में रही फरहदा गांव की 100 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को प्रशासन ने कब्जा मुक्त करा लिया है। कार्रवाई के बाद गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने लल्लूराम डॉट कॉम का आभार जताते हुए कहा कि मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के खेल मैदान, मरघट और हाट-बाजार की जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा था। कई बार प्रशासन से शिकायत और आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते गांव के बच्चों के पास खेलने के लिए मैदान तक नहीं था। अंतिम संस्कार के लिए भी ग्रामीणों को तालाब की मेड़ का सहारा लेना पड़ता था।

बारिश के कारण रोकी गई है कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे। राजस्व अमले ने जमीन की नाप-जोख कर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके तहत अब तक 100 एकड़ से ज्यादा जमीन कब्जा मुक्त कराई जा चुकी है। लगातार बारिश के कारण फिलहाल अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही शेष अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई भी पूरी की जाएगी।


अब निर्धारित जमीन पर लगेगा बाजार
ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि करीब 22 वर्षों बाद गांव के बच्चों को खेल मैदान मिला है। वहीं, अब अंतिम संस्कार के लिए मरघट की व्यवस्था भी उपलब्ध हो गई है। इसके अलावा पहले सड़क पर लगने वाला हाट-बाजार अब अपनी निर्धारित जमीन पर संचालित किया जा सकेगा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस कार्रवाई से गांव के सार्वजनिक संसाधन वापस मिले हैं। अब भविष्य में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे नहीं होने दिए जाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

