दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। पचमढ़ी में प्रसिद्ध नागद्वारी यात्रा के दौरान कुप्रबंधन और गाड़ियों की भारी कमी के कारण रविवार रात जलगली क्षेत्र में स्थिति बेकाबू हो गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच कुछ असामाजिक तत्वों और यात्रियों ने एक आपातकालीन एम्बुलेंस को घेर लिया। इस दौरान एम्बुलेंस में रखी जीवनरक्षक दवाइयां, स्ट्रेचर और मेडिकल उपकरण बाहर निकालकर फेंक दिए गए और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा स्टाफ व ड्राइवर के साथ जमकर अभद्रता की गई।
ये भी पढ़ें: इंदौर बायपास पर 4-लेन सर्विस रोड प्रोजेक्ट उलझा: 543 करोड़ के खर्च पर 5 साल से ना-नुकुर, रोजाना ट्रैफिक जाम से जनता परेशान
मरीज लेकर जा रही एम्बुलेंस में घुसे 31 लोग, चालक को दी धमकी
घटना के अनुसार एम्बुलेंस एक मरीज को लेकर पचमढ़ी अस्पताल जा रही थी। जलगली क्षेत्र में वाहनों की किल्लत से परेशान श्रद्धालुओं ने गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद 21 महिला-पुरुष और 11 बच्चों समेत कुल 31 लोग जबरन एम्बुलेंस के अंदर घुस गए। उन्होंने चालक पुरुषोत्तम राजपूत को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने सभी को पचमढ़ी नहीं पहुंचाया तो उसके साथ मारपीट की जाएगी।
खौफ के साए में चालक को मजबूरीवश सभी 31 लोगों को एम्बुलेंस में ठूंसकर पचमढ़ी तक लाना पड़ा। पचमढ़ी पहुंचने पर एम्बुलेंस से लोगों के उतरने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
इस घटना से स्वास्थ्यकर्मियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को एम्बुलेंस चालक पुरुषोत्तम राजपूत और ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ने नागद्वारी मेला के नोडल अधिकारी व पिपरिया बीएमओ के माध्यम से पचमढ़ी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी।
ये भी पढ़ें: ‘दतिया उपचुनाव ने दिखा दिया जनता का मूड…!’ सिवनी में जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, Gen Z को बताया राहुल के साथ
पचमढ़ी थाना प्रभारी गोपाल घोसले ने बताया कि रविवार रात अचानक श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से परिवहन व्यवस्था चरमरा गई थी। स्वास्थ्य अमले से अभद्रता की शिकायत मिली है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
गौरतलब है कि नागद्वारी यात्रा के दौरान महज दो दिनों के भीतर 2 लाख से अधिक श्रद्धालु पचमढ़ी पहुंच चुके हैं। इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


