बलूचिस्तान में पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक का दावा किया है। पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने मंगला जरघून घर इलाके में चलाए गए ऑपरेशन में 35 आतंकियों को मार गिराने और तीन सीनियर कमांडरों को गिरफ्तार करने की बात कही है। जानकारी के मुताबिक, यह अभियान 13 मई से लगातार जारी है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने क्वेटा में मीडिया को बताया कि ऑपरेशन प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चलाया गया।
उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार किए गए तीनों कमांडर हाई-वैल्यू टारगेट हैं। यह ऑपरेशन पहले पकड़े गए आतंकियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर लॉन्च किया गया था।
आतंकियों के कई ठिकाने तबाह
सुरक्षाबलों ने कार्रवाई के दौरान इलाके में मौजूद कई बेस कैंप और ठिकानों को भी ध्वस्त कर दिया। हालांकि पाकिस्तानी सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पहले मेजर समेत 5 सैनिक हुए थे शहीद
यह ऑपरेशन ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में बरखान जिले में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक मेजर सहित पांच सैनिकों की मौत हो गई थी। उस अभियान में सात आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी।
छवि सुधारने की कोशिश?
पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को समर्थन देने के आरोपों से घिरा रहा है। ऐसे में बलूचिस्तान में चलाया गया यह बड़ा अभियान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि सुधारने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

