नरेश शर्मा, रायगढ़। रायगढ़ जिले में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है। गुरुवार सुबह बंगुरसिया सर्किल में एक हाथी ने ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी ओर रायगढ़-सुंदरगढ़ मार्ग पर 20 से अधिक हाथियों का झुंड सड़क पार करता रहा, जिसके कारण घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हाथी के हमले से ग्रामीण घायल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे बंगुरसिया चौक के पास ग्रामीण प्रकाश साव अपने दो बेटों के साथ जा रह थे। इसी दौरान अचानक सामने आए जंगली हाथी ने उन्हें अपनी सूंड़ से जोरदार धक्का मार दिया। हमले में प्रकाश साव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सड़क पार करता दिखा अधिक हाथियों का झुंड, घंटों बंद रहा मार्ग
इसके अलावा रायगढ़-सुंदरगढ़ मार्ग पर ग्राम बंगुरसिया के पास हाथियों का बड़ा झुंड सड़क पार करता देखा गया। बताया जा रहा है कि झुंड में 20 से अधिक हाथी शामिल हैं और उनके साथ शावक भी हैं। हाथियों के सड़क पार करने के दौरान मार्ग घंटों तक बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

अलर्ट मोड पर वन विभाग
वन विभाग ने रायगढ़-सुंदरगढ़ और रायगढ़-तमनार मार्ग से गुजरने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। हाथियों की लगातार आवाजाही से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


