इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार की समीक्षा बैठक से लौट रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे सिंह की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। पन्ना-अमानगंज मार्ग की पहली घाटी पर एक अनियंत्रित और ओवरलोड डंपर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में जिला पंचायत अध्यक्ष पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ये भी पढ़ें: भोपाल एम्स को मिला नया एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोटवाल संभालेंगे कमान

समीक्षा बैठक के बाद लौटते समय हादसा

जानकारी के मुताबिक पन्ना जिला मुख्यालय पर प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शामिल होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे सिंह अपनी कार से गृह ग्राम लुधनी लौट रही थीं। जैसे ही उनका वाहन पन्ना-अमानगंज मार्ग में घाटी के पास पहुंचा, सड़क किनारे पहले से खड़े डस्ट से भरे एक खराब ट्रक के पास यह हादसा हो गया। सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपर का अचानक संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू डंपर ने पहले जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी को बचाने के प्रयास में टक्कर मारी और फिर सीधे जाकर खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़े ट्रक में सो रहा हेल्पर उछलकर बाहर जा गिरा।

ये भी पढ़ें: ‘बागेश्वर धाम में गायब हो रही बच्चियां’, MP सपा अध्यक्ष के गंभीर आरोप, कहा- सवर्ण भी शोषित हो सकता है, हिस्सेदारी मिलनी चाहिए

VIP मूवमेंट के बीच हड़कंप, घाटी पर लगा लंबा जाम

प्रभारी मंत्री के दौरे और समीक्षा बैठक के तुरंत बाद हुए इस हादसे से प्रशासनिक अमले और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद घाटी में दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात ठप रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इस हादसे ने एक बार फिर प्रभारी मंत्री की मौजूदगी के बावजूद घाटी क्षेत्र में बेधड़क दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m