इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बार फिर किसानों की किस्मत चमक उठी है। पटी क्षेत्र की खदान में बद्री पटेल और उनके 5 साथियों को 4.70 कैरेट का उच्च गुणवत्ता (जेम्स क्वालिटी) का नायाब हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 15 लाख रुपये आंकी जा रही है।
बद्री पटेल और उनके साथियों ने महज 15-20 दिन पहले ही इस खदान में काम शुरू किया था। बद्री पटेल ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि भगवान की कृपा से इस दिन हीरा जरूर मिलेगा। उन्होंने हीरा कार्यालय पहुंचकर इसे आधिकारिक तौर पर जमा करा दिया है। नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से सभी भागीदार अपने सपनों को पूरा करेंगे।
ये भी पढ़ें: विस्थापन का दर्द ऊपर से प्रशासनिक ज़हर! पन्ना में ‘चिता आंदोलन’ उग्र, कमिश्नर के बयान के बाद जल उठीं मशालें
हीरा मिलने से किसान परिवारों में जश्न का माहौल है। बद्री पटेल का कहना है कि नीलामी से प्राप्त राशि से वे अपना नया घर बनवाएंगे, जबकि उनके साथी रतन सिंह यादव, भीखम प्रसाद पटेल और रामचंद्र दुबे अपने बच्चों की शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में इस रकम का उपयोग करेंगे। वहीं हीरा पारखी अनुपम सिंह का कहना है कि हीरे को नियम अनुसार जांच के बाद जमा कर लिया गया है। यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



