पटना। शहर के दरियापुर में एक अजीबोगरीब और हाईवोल्टेज घटनाक्रम सामने आया है जहां 60 वर्षीय व्यक्ति द्वारा 30 वर्षीय महिला से शादी करने के बाद घर में हंगामा मच गया। यह विवाद तब और गहरा गया जब शादी के 23 दिन बाद महिला का पहला पति वहां पहुंच गया। पुलिस को मामले में हस्तक्षेप कर इसे सुलझाना पड़ा।

​क्या है पूरा मामला?

​जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय लखी तांती और 30 वर्षीय गूंजा देवी ने नोटरी स्टाम्प पेपर पर कानूनी रूप से शादी की थी। दोनों दरियापुर स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे। इसी बीच गूंजा देवी के पहले पति धनंजय को अपनी पत्नी के दूसरी जगह होने की खबर मिली। धनंजय ने आरोप लगाया कि लखी तांती ने उनकी पत्नी को जबरन भगाया और उसे बंधक बनाकर रखा है।

​पहले पति का सनसनीखेज आरोप

​धनंजय का कहना है कि उनकी पत्नी गूंजा 12 जून को अपनी बेटी के साथ बाजार गई थी और तभी से लापता थी। धनंजय ने यह भी दावा किया कि यह पहली बार नहीं है बल्कि कुछ महीने पहले भी लखी तांती उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया था जिसे उन्होंने बड़ी मुश्किल से वापस घर लाया था। धनंजय के अनुसार इस बार लखी तांती कुछ लोगों की मदद से जबरन उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया।

​पुलिस की एंट्री और सुलह

​दरियापुर में जब धनंजय अपने समर्थकों के साथ पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, जिससे मौके पर तनाव फैल गया। स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय एनटीपीसी थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला। लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और पुलिस तीनों को थाने ले गई।
​थानाध्यक्ष डीके प्रजापति ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला के बयान बार-बार बदल रहे थे जिससे स्थिति काफी भ्रमित रही। हालांकि लंबी बातचीत के बाद महिला ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। अंत में पुलिस की मौजूदगी में समझौता हुआ और गूंजा देवी अपनी बेटी के साथ पहले पति धनंजय के बहरामा स्थित घर लौट गई। दूसरी ओर 60 वर्षीय लखी तांती ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह महिला के बहकावे में आ गया था। इस सुलह के बाद इलाके में चर्चा का विषय बनी यह घटना अब शांत हो गई है।