पटना। शहर के दीघा थाना क्षेत्र के रोड नंबर-12 में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक किराए के मकान में रहने वाली असम की रहने वाली महिला माइटी उर्फ मीना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका के मुंह से झाग निकल रहा था और उसकी महज 7 दिन पहले ही शादी तय हुई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार तथा मकान मालिक के बयानों में भारी विरोधाभास देखने को मिल रहा है।
जीजा का गंभीर आरोप: मकान मालिक पर हत्या का शक
मृतका के जीजा चंदन ठाकुर ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और मकान मालिक पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। चंदन ठाकुर का कहना है कि माइटी पिछले कुछ दिनों से बीमार थी, लेकिन इस बात की जानकारी परिवार को समय पर नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि मकान मालिक ने उन्हें फोन पर सूचना दी थी कि माइटी बेड पर लेटी है, लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे तो उसका शव फर्श पर पड़ा मिला। उनका साफ तौर पर कहना है कि यह स्वाभाविक मौत या आत्महत्या नही बल्कि एक सुनियोजित मर्डर है।
मकान मालिक और परिजनों का पक्ष
मकान मालिक के बेटे राणा सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि माइटी पिछले 8 वर्षों से उनके यहां किराए पर रह रही थी और पिछले तीन दिनों से बीमार चल रही थी। उन्होंने दावा किया कि परिवार ने उसे डॉक्टर को दिखाया था, होम आइसोलेशन में रखा था और स्लाइन (ग्लूकोज) भी चढ़ाया गया था। राणा सिंह के अनुसार, सोमवार देर रात उन्होंने माइटी से दरवाजा बंद न करने को कहा था, लेकिन उसने अंदर से कुंडी लगा ली थी। मंगलवार सुबह जब शक होने पर खिड़की का शीशा तोड़कर देखा गया, तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
वहीं मृतका के पिता सूरज लामा ने बताया कि वह पिछले दो महीने से मनेर में मजदूरी कर रहे थे और तीन दिन पहले ही बेटी से मिलकर उसे खर्च के लिए पैसे दिए थे। फिलहाल उनका कहना है कि उन्हें किसी पर सीधा संदेह नहीं है, क्योंकि उनकी बेटी बचपन से ही इसी माहौल में रह रही थी।
गोरखा समाज की मांग और पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए गोरखा समाज के अध्यक्ष सूरज थापा ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि लड़की की तबीयत खराब होने की सूचना परिजनों को न देना कई बड़े संदेह पैदा करता है। उन्होंने ऐलान किया है कि वे इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डीजीपी और मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। सूरज थापा ने यह भी खुलासा किया कि एक हफ्ता पहले ही उन्होंने बीएमपी (BMP) के एक कुक के साथ माइटी की शादी तय कराई थी।
सूचना मिलते ही दीघा थाने की पुलिस और एएसपी लॉ एंड ऑर्डर-2 कोमल मीणा मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला सुसाइड का लग रहा था लेकिन परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अब विसरा रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ पाएगा।


