पटना। राजधानी के पालीगंज अनुमंडल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रूपापुर गांव में शुक्रवार देर शाम एक नवविवाहित महिला का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। मृतका की पहचान रूपापुर गांव निवासी अभिषेक कुमार की 23 वर्षीय पत्नी वैष्णवी कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां कोहराम मच गया।

मृतका के पिता कामेश्वर पासवान ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज हत्या बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी वैष्णवी की शादी एक माह पहले ही हिंदू रीति-रिवाज से अभिषेक कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।

कामेश्वर पासवान ने बताया कि शुक्रवार को गांव के लोगों से उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति, सास और ससुर सहित पूरे ससुराल पक्ष ने कर दी है। आरोप है कि घटना के बाद शव को घर में ही छिपा दिया गया था। जब परिजन पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

वहीं, थानाप्रभारी पूजा राठी ने बताया कि मामले की जानकारी परिजनों द्वारा थाने में दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।