कुंदन कुमार, पटना। राजधानी में अपनी विभिन्न सूत्री मांगों को लेकर पशु टीकाकर्मियों और पशु मैत्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में जुटे इन कर्मियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का मुख्य उद्देश्य सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना और लंबे समय से लंबित मानदेय में वृद्धि तथा सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को पूरा करवाना था।



मानदेय और समायोजन मुख्य मुद्दा
प्रदर्शन के दौरान पशु टीकाकर्मियों और पशु मैत्रियों ने कहा कि वे धरातल पर पशुओं के स्वास्थ्य और टीकाकरण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय नहीं मिल रहा है। उनकी मांग है कि उन्हें उचित मानदेय जल्द से जल्द लागू किया जाए और राज्य में उनका समायोजन करते हुए नियमित वेतनमान दिया जाए। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो उनका यह आंदोलन आने वाले दिनों में और अधिक व्यापक रूप लेगा।


