कुंदन कुमार, पटना। बिहार में मानसून की एंट्री होने के बाद भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार अपने ऊंचे स्तर पर बना हुआ है, जिसे ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है।
30 जून तक 8वीं की पढ़ाई पर रोक
पटना जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई पर पूरी तरह से रोक लगाई है। उन्होंने 30 जून तक जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल सहित) में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां पर रोक लगाने का फैसला लिया है। यानी की 30 जून तक सभी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक की कक्षाओं का संचालन नहीं होगा।
आदेश का पालन नहीं करने पर होगा एक्शन
पटना जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है, जो जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर सामान्य रूप से लागू होगा। यह निर्णय भीषण गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को देखते हुए लिया गया है। सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। आदेश का पालन नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
इससे पहले 27 जून तक के लिए जारी था आदेश
गौरतलब है कि भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने इससे पहले 27 जून तक कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया था। वहीं, आज 28 जून को रविवार होने की वजह सभी स्कूलों में छुट्टी थी। ऐसे में आज भी मौसम में राहत नहीं मिलने और भीषण गर्मी और लू को देखते हुए पटना डीएम ने 30 जून तक कक्षा 8वीं तक के कक्षाओं पर संचालन से रोक लगाने का फैसला लेते हुए आदेश जारी किया है।
ये भी पढ़ें- रोहतास के इस स्कूल में 25 साल से तैनात हैं एक ही गांव के सभी शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

