PBKS vs RCB IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के पहले और सीजन के 61वें मुकाबले में आज पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगी। पिछले सीजन के फाइनल में भिड़ने वाली ये दोनों टीमें इस बार पहली बार एक-दूसरे से टकराएंगी। IPL 2025 के फाइनल में RCB ने पंजाब को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी, ऐसे में PBKS के पास इस मुकाबले में हिसाब बराबर करने का मौका होगा।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने सीजन की शुरुआत दमदार अंदाज में की थी। टीम ने शुरुआती सात मुकाबलों में से छह जीतकर खुद को खिताब की प्रबल दावेदार साबित किया था। हालांकि इसके बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम लगातार पांच मैच हार गई, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है। फिलहाल PBKS 12 मैचों में 13 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है।

वहीं, रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB इस सीजन बेहतरीन लय में नजर आई है। बेंगलुरु ने 12 में से 8 मुकाबले जीते हैं और टीम लगभग प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। अब उसकी नजरें इस मुकाबले को जीतकर टॉप-2 में फिनिश करने पर होंगी, ताकि क्वालिफायर में अतिरिक्त फायदा मिल सके। ऐसे में दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

बता दें कि PBKS और RCB के बीच यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (HPCA) में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 3 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

HPCA स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले के साथ धर्मशाला का HPCA स्टेडियम IPL 2026 का अपना पहला डे गेम होस्ट करेगा। पिछले 10 दिनों में यहां खेले गए मुकाबलों में चेज़ करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है, ऐसे में टॉस इस मैच में अहम भूमिका निभा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है और तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

इस मुकाबले के लिए वही पिच इस्तेमाल की जाएगी, जिस पर हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स का मैच खेला गया था। ओस के असर को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है, क्योंकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान रहने की संभावना है। दिलचस्प बात यह है कि पंजाब किंग्स की टीम पिछले 15 साल से इस मैदान पर RCB को हराने में सफल नहीं हो सकी है। धर्मशाला में PBKS ने बेंगलुरु के खिलाफ आखिरी जीत 2011 में दर्ज की थी, जबकि 2024 में टीम को 60 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

धर्मशाला स्टेडियम के IPL आंकड़े

HPCA स्टेडियम में अब तक कुल 16 IPL मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 9 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते हैं, जबकि 7 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। यहां टॉस का असर ज्यादा देखने को नहीं मिला है, क्योंकि टॉस जीतकर और हारकर दोनों परिस्थितियों में टीमों ने 8-8 मैच जीते हैं।

इस मैदान पर IPL का सबसे बड़ा स्कोर 241/7 रहा है, जबकि सबसे कम स्कोर 116 रन दर्ज किया गया है। रन चेज़ करते हुए सबसे बड़ा सफल स्कोर 178/5 है। HPCA स्टेडियम में औसतन प्रति विकेट 28.82 रन और प्रति ओवर 9.09 रन बनते हैं। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का औसत स्कोर करीब 189 रन रहा है, जो यहां की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों को दर्शाता है।

PBKS बनाम RCB हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

PBKS और RCB के बीच हेड टू हेड मुकाबले हमेशा से बेहद कांटे के रहे हैं। IPL इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मैच खेले गए हैं, जिनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 19 मुकाबले जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स को 18 मैचों में सफलता मिली है। आंकड़ों के लिहाज से RCB को मामूली बढ़त हासिल है। खास बात यह है कि दोनों टीमों के बीच अब तक एक भी मैच टाई या बेनतीजा नहीं रहा है।

मौजूदा सीजन में RCB शानदार लय में नजर आ रही है। टीम लगातार दो मुकाबले जीतकर प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच चुकी है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स लगातार पांच हार के बाद दबाव में दिखाई दे रही है। हालांकि, RCB के लिए आत्मविश्वास की एक और वजह यह है कि उसने पिछले सीजन में PBKS को तीन बार हराया था।

PBKS और RCB की संभावित प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स (PBKS)

प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, विजयकुमार वैशाख, मार्को यानसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।

इम्पैक्ट प्लेयर: विष्णु विनोद।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, वेंकटेश अय्यर, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और जैकब डफी।

इम्पैक्ट प्लेयर: रसिख सलाम।

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दोपहर 3:30 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम.कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H