PBKS vs RCB IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर के पहले और सीजन के 61वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 23 रन से हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी।

इस जीत के साथ RCB ने मौजूदा सीजन में 13 मैचों में 9वीं जीत दर्ज करते हुए 18 अंक हासिल कर लिए हैं और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स की लगातार छठी हार ने उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। अब PBKS को अपना आखिरी लीग मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है और जीत के बावजूद उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

पंजाब की खराब शुरुआत बनी हार की वजह

223 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने चौथे ओवर में ही 19 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कूपर कोनोली और सूर्यांश शेडगे ने पारी को संभालने की कोशिश की। कोनोली ने 37 रन और शेडगे ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन दोनों बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।

मध्यक्रम में मार्कस स्टॉइनिस और शशांक सिंह ने टीम को संभालते हुए स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया। स्टॉइनिस ने 37 रन बनाए, जबकि शशांक सिंह ने 56 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। अजमतुल्लाह उमरजई ने भी 14 रन का योगदान दिया, लेकिन RCB के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार वापसी करते हुए पंजाब को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।

रसिख सलाम की शानदार गेंदबाजी

RCB की ओर से इम्पैक्ट प्लेयर रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 अहम विकेट झटके। वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड को 1-1 विकेट मिला।

वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने जमाया रंग

इससे पहले RCB के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 73 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, विराट कोहली ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। देवदत्त पडिक्कल ने 45 रन, टिम डेविड ने 28 रन और जैकब बेथेल ने 11 रन का योगदान दिया।

PBKS और RCB की प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स (PBKS)

प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (कप्तान), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बराड़, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

इम्पैक्ट प्लेयर: मार्कस स्टोइनिस

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर/कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर: रसिख सलाम डार

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H