cjp protest live news updates: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने घोषणा की है कि उसके समर्थक भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत शुक्रवार सुबह 10 बजे से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाना है। सीजेपी की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर-मंतर के लिए रवाना हो चुके हैं और जल्द ही प्रदर्शन स्थल पर पहुंचेंगे। पार्टी ने अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
संगठन का कहना है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। सीजेपी नेताओं के अनुसार, वे शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए संवैधानिक तरीकों का सहारा ले रहे हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने के बाद पार्टी समर्थकों ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताया था। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और आने-जाने वाले लोगों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं’
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। संगठन ने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं।” इसके साथ ही पार्टी ने अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील भी की। सीजेपी की ओर से कहा गया कि भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के तहत संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगा। पार्टी का दावा है कि उसे प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, एहतियातन सुरक्षा उपायों के तहत नई दिल्ली जिले और अन्य संवेदनशील स्थानों पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दरअसल, इस महीने की शुरुआत में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने छात्रों और समर्थकों से दिल्ली में उनके नेतृत्व में आयोजित होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। उन्होंने शुरुआत में समर्थकों से 6 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पर उनसे मिलने की अपील की थी।
हालांकि, प्रदर्शन से दो दिन पहले उन्होंने अपना कार्यक्रम बदलते हुए समर्थकों से एयरपोर्ट नहीं आने और सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया। दीपके ने कहा था कि संगठन का विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और सभी समर्थक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठा रही है। प्रदर्शन को लेकर संगठन लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से अपने समर्थकों को जुटाने का प्रयास कर रहा है।
पुलिस ने की है खास तैयारी
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी के प्रमुख प्रवेश और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (ISBT) और दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाली सीमा चौकियों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। राजधानी में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस टीमों की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी परिसर में कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, दिल्ली की सीमा चौकियों और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी भी की जा रही है।
एयरपोर्ट से जंतर मंतर तक सुरक्षा के तगड़े इंतजाम
इसके तहत शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (आईजीआई) विचित्र वीर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और फील्ड स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए सभी इकाइयों को सतर्क रहने को कहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में राजधानी की सुरक्षा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने फील्ड यूनिट्स को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
हर एक्टिविटी पर रहेगी नजर
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार खुफिया एजेंसियों तथा अन्य संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल लगातार स्थिति का आकलन कर रहे हैं और तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान भी किया जा रहा है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि जन सुरक्षा और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, सीमा चौकियों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

