अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेलगाम अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक पिकअप चालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गाड़ी में रखे करीब एक लाख रुपये लूटकर बड़े आराम से मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा रोड स्थित खजूआ मोड़ के पास की है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

​पिकअप चालक को बनाया निशाना

​घायल पिकअप चालक की पहचान पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडेछापर गांव निवासी कमरूदीन शेख के पुत्र सैमुल्लाह शेख के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सैमुल्लाह शेख देर रात अपने पिकअप वाहन पर सब्जी लादकर उत्तर प्रदेश से गोपालगंज की तरफ आ रहा था।

​विरोध करने पर गर्दन में मारी गोली

​जैसे ही उसकी गाड़ी विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा रोड स्थित खानुआ मोड़ के पास पहुंची, तभी घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने देर रात करीब 12 बजे पिकअप को जबरन रुकवा लिया। गाड़ी रुकते ही बदमाश चालक से लूटपाट करने लगे। जब चालक सैमुल्लाह ने बदमाशों की इस हरकत का विरोध किया और पैसे देने से मना किया, तो बेखौफ अपराधियों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए सीधे उसकी गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही चालक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद बदमाश गाड़ी में रखे करीब एक लाख रुपये समेटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

घायल युवक की हालत गंभीर

​गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ घायल ड्राइवर को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, चालक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे देवरिया के अस्पताल में रेफर कर दिया है।

अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी

घटना की जानकारी मिलते ही हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन गुप्ता और विजयीपुर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का बारीकी से मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

​वहीं इस मामले में विजयीपुर थानाध्यक्ष रविशंकर का कहना है कि मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी गई है। अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और घटना में शामिल बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।​इस वारदात ने एक बार फिर हाईवे पर रात के समय चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- आत्महत्या या फिर कुछ और…, पेड़ पर युवक का लटका हुआ शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी