मुकेश मेहता, बुधनी। मध्य प्रदेश के बुधनी से सड़क हादसे की खबर सामने आई है, यहां रेहटी तहसील के ग्राम भैसान में धान रोपाई के लिए जा रही मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन पलट गई। हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में 40 से अधिक मजदूर सवार थे, जबकि ऐसे मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना नियमों के विरुद्ध है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन क्षमता से अधिक भरा हुआ था, जिसके चलते हादसा हुआ।

हर साल दोहराई जाती है लापरवाही

वर्तमान में धान रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। चकल्दी, लाड़कुई एवं आसपास के आदिवासी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मजदूरों को मालवाहक पिकअप वाहनों में भरकर खेतों तक ले जाया जाता है। कई वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।

कार्रवाई पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में ओवरलोड पिकअप वाहनों का संचालन लंबे समय से हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं करते। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती बरती जाती तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m