India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर लगातार बातें सामने आ रही हैं. इसे लेकर दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी आपसी गतिरोध को दूर करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं. सप्ताह की शुरुआत में बैठकों का दौर शुरू होने से पहले जहां केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि डील पर 99% बातचीत पूरी हो गई है, तो वहीं अब भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी पीयूष गोयल की बात की पुष्टि कर दी है और कहा है कि कुछ हफ्तो में ही ये समझौता पूरा हो सकता है.

‘मात्र 1 फीसदी अड़चन वाले मुद्दे को हल करना बाकी’

सिटी के 2026 इंडिया कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा कि भारत-अमेरिका दोनों देश अब बाकी बचे 1 फीसदी अड़चन वाले मुद्दे को हल करने के लिए काम कर रहे हैं. दोनों ही अपने प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं, सिर्फ एक छोटा सा मुद्दा ही सुलझाना बाकी रह गया है. उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि अगले कुछ हफ्तों के भीतर इस समझौते को पूरा कर लिया जाएगा.

दिल्ली में जारी है बैठक

बता दें कि, अमेरिकी राजदूत गोर की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब दोनों देशों के टॉप वार्ताकार प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने के लिए नई दिल्ली में तीन दिवसीय बैठक में चर्चा कर रहे हैं. अमेरिकी टीम का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच कर रहे हैं, जबकि भारत की ओर से ये जिम्मेदारी वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन को दी गई हैं.

Sergio Gor ने कहा कि India-US समझौते पर चर्चा के लिए एक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में भारत में है और समझौते का व्यापक ढांचा पहले से ही तैयार था, अब वार्ताकार समझौते पर आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर होने से पहले शेष एक फीसदी बचे मुद्दों को हल करने पर फोकस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि इस काम को पूरा होने में सालों नहीं, बल्कि कुछ हफ्तों में पूरा कर लिया जायेगा.

Piyush Goyal ने भी दिए थे संकेत

गोर से पहले केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी कुछ ऐसा ही बयान भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर दिया था. उन्होंने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि भारत और अमेरिका अपने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के करीब हैं और 99% बातचीत पूरी हो चुकी है, जबकि छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा था कि भारत बहुत जल्द अमेरिका के साथ पहले BTA पर साइन करेगा.

ट्रंप के टैरिफ प्लान पर क्या बोले गोर?

एक ओर जहां भारत-अमेरिकी ट्रेड डील को पूरा करने के लिए बातचीत का दौर जारी है, तो वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ प्लान से चिंता बढ़ी नजर आई. दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने भारत और चीन समेत कई देशों पर 12.5% का अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. इन प्रस्तावित टैरिफ को लेकर पैदा हुआ चिंताओं को दूर करते हुए सर्जियो गोर ने कहा कि ये विशेष रूप से भारत को टारगेट नहीं करते हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m