सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बच्चों की सेहत से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र सुरहुल खास में नौ बच्चों को एक्सपायरी रेडी-टू-ईट फूड खिलाए जाने का मामला उजागर हुआ है। केंद्र से 12 एक्सपायरी रेडी-टू-ईट फूड के पैकेट भी बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


एक्सपायरी डेट देखे बिना बच्चों को परोसा गया भोजन
जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को समाप्त अवधि (एक्सपायरी) वाला रेडी-टू-ईट भोजन परोस दिया गया। मामला सामने आने पर संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गैरी जायसवाल से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें ठीक से दिखाई नहीं देता, इसलिए वे पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट चेक नहीं कर पाई।

मौके से मिले एक्सपायरी रेडी-टू-ईट के 12 पैकेट
मौके से बरामद एक पैकेट पर बैच संख्या RGPWW07M, उत्पादन तिथि 12 मार्च 2026 तथा उपयोग की अंतिम तिथि 19 जून 2026 अंकित थी। वहीं दूसरे पैकेट पर बैच संख्या RGC01N, उत्पादन तिथि 14 मार्च 2026 और उपयोग की अंतिम तिथि 21 जून 2026 दर्ज थी। इसी तरह केंद्र से कुल 12 एक्सपायरी रेडी-टू-ईट पैकेट मिले। इसके बावजूद इन पैकेटों का उपयोग बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने में किया गया।

अधिकारी ने कही जांच की बात

मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी रमाकांत चंद्राकर ने कहा कि जानकारी मिली है कि आंगनबाड़ी केंद्र में कालातीत (एक्सपायरी) रेडी-टू-ईट का उपयोग किया गया है। इसमें संबंधित सीडीपीओ और सुपरवाइजर द्वारा जांच कराई जाएगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


