Delhi Weather: दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह से कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, कार्यदिवस होने के कारण बारिश ने लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित की। सुबह दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को जलभराव, धीमी यातायात गति और रास्तों में रुकावटों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।

राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के चलते पूरे एनसीआर में तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में इंडिया गेट, मयूर विहार, चाणक्यपुरी, सफदर हाशमी मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग, जंतर-मंतर, पंडित पंत मार्ग और सीमापुरी समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों से भी तेज बारिश की खबरें सामने आईं। जिन क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई, वहां भी आसमान में छाए काले-घने बादलों और तेज हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, लगातार बारिश के कारण राजधानी और एनसीआर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। कई गलियों और सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

IMD के अनुसार, अगले 2 घंटों के दौरान पूरे दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और पेड़ों, कमजोर ढांचों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की बारिश होने का भी पूर्वानुमान जताया है। इससे पहले बुधवार देर रात भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई थी, जिसके बाद गुरुवार सुबह एक बार फिर तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया।

दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से एडवाइजरी जारी

दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं के बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर फिलहाल उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी है। हालांकि, खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान से संबंधित ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें और एयरपोर्ट के लिए समय से पहले रवाना हों। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि मौसम में अचानक बदलाव होता है, तो कुछ उड़ानों के समय पर असर पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांच लें।

गुरुग्राम में तेज हवा संग बारिश, गर्मी-उमस से मिली राहत

गुरुवार सुबह गुरुग्राम में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। रात से ही शहर में घने बादल छाए हुए थे, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण उमस बनी रही और लोग गर्मी से बेहाल रहे। सुबह तक मौसम भारी बना रहा, लेकिन अचानक तेज हवाएं चलने के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से राहत मिली।

तेज हवाओं और ठंडी फुहारों के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण सुहाना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली। आगामी कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसके चलते तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से लगातार राहत मिल सकती है। मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने के कारण आने वाले दिनों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना रह सकता है।

फरीदाबाद में मौसम ने अचानक करवट ली। हल्की बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। सुबह तक तेज धूप और साफ आसमान के कारण लोगों को दिनभर गर्मी का सामना करने की आशंका थी, लेकिन कुछ ही देर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह करीब सात बजे तक आसमान साफ था और तेज धूप खिली हुई थी। इसके बाद अचानक काली घटाओं ने शहर को घेर लिया। तेज हवाएं चलने लगीं और कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया।

बारिश के बाद सड़कों और खुले इलाकों में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बच्चों और बुजुर्गों ने भी मौसम में आए बदलाव से काफी राहत महसूस की। हालांकि, बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।

अब भीषण गर्मी लौटने की संभावना नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, अब राजधानी में पहले जैसी भीषण गर्मी लौटने की संभावना नहीं है। मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय रहने से आने वाले दिनों में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रहेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक बीच-बीच में बादलों की आवाजाही, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इन मौसमीय गतिविधियों के कारण तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण भीषण गर्मी जैसी स्थिति बनने के फिलहाल आसार नहीं हैं।

दिल्ली-NCR में बदलते मौसम के बीच मौसम वैज्ञानिकों ने राजधानी में दक्षिण-पश्चिम मानसून के जल्द पहुंचने की संभावना जताई है। उत्तर भारत में अनुकूल मौसमीय परिस्थितियां बनने के कारण दिल्ली में 3 या 4 जुलाई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है। मानसून के आगमन के साथ राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m