पीएम मोदी अपने 5 देशों के दौरे पर हैं। UAE, निदरलैंड और स्वीडेन के बाद अब आज पीएम मोदी नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में होने वाले तीसरे इंडिया-नॉर्डिक समिट में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह नॉर्डिक देशों के नेताओं के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बता दें कि, यह समिट भारत और उत्तरी यूरोपीय देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। इस समिट में पीएम मोदी नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के प्रधानमंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, नई तकनीक, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल सिक्योरिटी जैसे मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।

इस दौरे में मोदी व अन्य देशों के प्रमुख ग्रीन एनर्जी, ब्लू इकॉनमी, ग्रीन शिपिंग और क्लाइमेट टेक्नोलॉजी पर खास चर्चा करेंगे। भारत और नॉर्डिक देश स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट्स में सहयोग बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। स्पेस सेक्टर भी इस दौरे का अहम हिस्सा रहेगा। भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो और नॉर्वे की स्पेस एजेंसी के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। आर्कटिक रिसर्च और सैटेलाइट टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी साझेदारी मजबूत करने की योजना है।

मोदी बोले- दुनिया की बड़ी समस्याओं का हल युद्ध से नहीं

मोदी ने कल नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में कहा कि दुनिया की बड़ी समस्याओं का हल युद्ध से नहीं, बल्कि बातचीत और शांति से निकल सकता है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गार स्टोरे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नॉर्वे दोनों बातचीत और कूटनीति में भरोसा रखते हैं। यूक्रेन युद्ध हो या पश्चिम एशिया का संकट भारत हमेशा शांति की कोशिशों का समर्थन करेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है। उन्होंने आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने की जरूरत पर भी जोर दिया। इस दौरान सोमवार को नॉर्वे ने पीएम मोदी को अपने सबसे बड़े सम्मान से नवाजा। पीएम मोदी को ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ दिया गया है, जो नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है. खास बात यह है कि यह प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया के अलग-अलग देशों से मिला 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

पीएम मोदी ने बिजनेस समिट में हिस्सा लिया

पीएम मोदी ने सोमवार को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में इंडिया-नॉर्वे बिजनेस एंड रिसर्च समिट में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नॉर्वे की बड़ी कंपनियों और रिसर्च संस्थानों के प्रमुखों से मुलाकात की। समिट में ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, शिपिंग, हेल्थ टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, शिक्षा और रिसर्च जैसे कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इसमें शामिल बड़ी कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू करीब 200 अरब डॉलर थी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत निवेश और इनोवेशन के लिए बड़ा और भरोसेमंद बाजार बन रहा है। उन्होंने भारत में निवेश के अवसरों को भी सामने रखा।

5 देशों के दौरे पर पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली यात्रा को भारत के लिए बड़े रणनीतिक मिशन के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरे में कहीं तेल और LNG सप्लाई पर समझौते हो रहे हैं, तो कहीं सेमीकंडक्टर, AI, ग्रीन एनर्जी और ब्लू इकॉनमी जैसे भविष्य के सेक्टरों में साझेदारी मजबूत की जा रही है। UAE के साथ शुक्रवार को संपन्न तेल समझौते को ऐतिहासिक माना जा रहा है। इसके अलावा, नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर और ग्रीन हाइड्रोजन, स्वीडन के साथ AI और ग्रीन टेक्नोलॉजी, नॉर्वे के साथ ब्लू इकॉनमी और इटली के साथ रक्षा व एडवांस टेक्नोलॉजी सहयोग इस यात्रा के सबसे बड़े आकर्षण हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यह सिर्फ कूटनीतिक दौरा नहीं, बल्कि भारत को नई वैश्विक सप्लाई चेन, टेक्नोलॉजी और निवेश हब बनाने की रणनीति का हिस्सा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m