पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) में जारी राजनीतिक तनाव, हिंसा और चुनावी विवादों के बीच पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने सत्ता में वापसी का रास्ता लगभग साफ कर लिया है। दो चरणों के मतदान के बाद पार्टी ने 45 सदस्यीय निर्वाचित विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।

पीटीआई के अनुसार, दूसरे चरण की 18 सीटों में से PML-N ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि पहले चरण में पार्टी 13 में से 9 सीटें जीत चुकी थी। इस तरह अब तक उसके खाते में कुल 23 सीटें आ चुकी हैं, जिससे सरकार गठन की स्थिति मजबूत हो गई है।

PPP ने लगाया चुनावी धांधली का आरोप

केंद्र में PML-N की सहयोगी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) दूसरे चरण में केवल चार सीटें जीत सकी। दोनों चरणों को मिलाकर उसके पास कुल आठ सीटें हैं। पार्टी ने चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने क्षेत्र में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों के विरोध में चुनाव का बहिष्कार किया था।

PoK में 50 दिनों से जारी आंदोलन, 80 से अधिक मौतों का दावा

चुनावी प्रक्रिया के समानांतर PoK में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं। आंदोलनकारियों का दावा है कि पिछले करीब 50 दिनों के दौरान सुरक्षा बलों के साथ झड़पों और पुलिस कार्रवाई में 80 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

दूसरे चरण के मतदान में भी हिंसा और सड़क जाम

ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने आरोप लगाया कि दूसरे चरण के मतदान के दौरान पुलिस फायरिंग में चार लोगों की मौत हुई, जबकि पुलिस ने एक मौत की पुष्टि की है। गुजरा, तरीकाबाद, अपर प्लेट, सेंटर प्लेट, लोअर प्लेट, सामान बंदी और चेहरा बंदी सहित कई इलाकों में सड़क जाम कर चुनाव का विरोध किया गया।

रावलपिंडी और इस्लामाबाद तक पहुंचा विरोध प्रदर्शन

एएनआई के मुताबिक, आंदोलन अब रावलपिंडी और इस्लामाबाद तक फैल चुका है। JAAC का आरोप है कि रावलपिंडी प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया और बलपूर्वक वाहनों में बैठाया। संगठन ने सभी छात्रों की तत्काल रिहाई की मांग की है।

वहीं, रावलकोट के डी-चौक पर पिछले 50 दिनों से धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी एक बार फिर मुजफ्फराबाद की ओर लांग मार्च की तैयारी कर रहे हैं। JAAC का कहना है कि सुरक्षाबल आंदोलनकारियों को डराने के लिए बीच-बीच में फायरिंग कर रहे हैं, जबकि ड्रेक ईदगाह में महिलाओं और बच्चों के नेतृत्व में आंदोलन मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।

तीसरे चरण का मतदान 10 अगस्त को

PoK विधानसभा में कुल 54 सीटें हैं, जिनमें 45 पर प्रत्यक्ष चुनाव होते हैं, जबकि नौ सीटें महिलाओं, टेक्नोक्रेट और मौलवियों के लिए आरक्षित हैं। तीसरे और अंतिम चरण में शेष 14 सीटों पर 10 अगस्त को मतदान होगा, जिसके बाद विधानसभा का अंतिम स्वरूप सामने आएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m