नरेश शर्मा, रायगढ़/लैलूंगा। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के कुपाकानी गांव में सरस्वती साइकिल वितरण योजना का विरोध करना भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को भारी पड़ गया। स्कूल परिसर में हंगामा को लेकर पुलिस में शिकायत किए जाने पर लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और रवि भगत को गिरफ्तार किया और धारा 170,126,135(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा। थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि रवि भगत को लैलूंगा से रायगढ़ जिला जेल भेजा गया।
बता दें कि आज कुपाकानी गांव में छात्राओं को साइकित वितरण किया जा रहा था। इस दौरान रवि भगत ने साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरकारी योजना में घटिया साइकिल वितरण किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी घेरा और योजना में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। आरोप है कि उन्होंने साइकिल लेने पहुंची छात्राओं से साइकिलें वापस करवाने को कहा, जिसके बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।


रवि भगत ने आरोप लगाया कि छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलें गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतरतीं। सरकारी योजना के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही। वहीं, स्कूल परिसर में हुए हंगामे और रवि भगत के रवैये को लेकर पुलिस में शिकायत किए जाने पर लैलूंगा थाना पुलिस मौके पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


