Gujarat Nikay Chunav 2026: गुजरात के महेसाणा (Mehsana Violence) में स्थानीय चुनाव से ठीक पहले इलाके में हिंसा भड़क गई। महेसाणा महानगरपालिका बनने के पहले 24-25 अप्रैल की रात तावडिया रोड पर भाजपा उम्मीदवार महेंद्र चौधरी के भांजे, 21 वर्षीय मितेन चौधरी की हत्या कर दी गई। FIR में खुलासा हुआ है कि, वारदात को पूरी तरह सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ डिनर के बाद आकाश बंग्लोज से निकले और देर रात करीब साढ़े 11 बजे तावडिया गांव की ओर गए। वहां से लौटते वक्त, 25 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे, तावडिया चौकड़ी के पास उन्होंने अपने रिश्तेदार हर्ष चौधरी को फोन कर बुलाया। कुछ ही मिनटों में माहौल बदल गया।

सोच समझकर रची गई हमले की साजिश

FIR के अनुसार पहले भरत चौधरी पर हमला हुआ तो उसके बाद उनके बेटों ने झड़प शुरू की, करीब 12:40 बजे, दो गाड़ियों एक बोलेरो और एक इनोवा से भरतभाई माधुभाई चौधरी, उनके बेटे धवल चौधरी, मयूर चौधरी और यश चौधरी समेत अन्य लोग उतरे और हर्ष चौधरी के साथ गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया। FIR में कहा गया है कि इसी दौरान मयूर ने हर्ष को थप्पड़ मारा, जिसके बाद मितेन और उसके साथी बीच-बचाव के लिए पहुंचे। लेकिन मामला शांत होने के बजाय और भड़क गया। आरोप है कि भरतभाई और उनके साथियों ने पहले से साजिश के तहत हमला किया। धवल चौधरी ने मितेन के सिर पर डंडे से वार किया, जबकि यश ने पीछे से चाकू घोंप दिया।

‘आज बच गए हो, अगली बार जान से मार देंगे’

अचानक हुए इस हमले में मितेन बुरी तरह घायल होकर खून से लथपथ गिर पड़ा। हमलावरों ने न सिर्फ उसे, बल्कि शिकायतकर्ता को भी डंडों और पाइप से पीटा। FIR के मुताबिक, हमलावर लगातार धमकी देते रहे कि ‘आज बच गए हो, अगली बार जान से मार देंगे।’ घटना के बाद मितेन और अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शिकायतकर्ता को सिर और शरीर पर चोटों के कारण भर्ती किया गया, जबकि मितेन की हालत गंभीर होने के चलते उसे ICU में शिफ्ट किया गया। लेकिन इलाज के दौरान मितेन की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया।

गांव में पसरा मातम

FIR में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने हमले के दौरान गाड़ी पर भी तोड़फोड़ की, जिससे करीब 3000 रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस का मानना है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित था, जिसमें कई लोग शामिल थे और सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। महेसाणा A डिविजन पुलिस ने इस मामले में हत्या और आपराधिक साजिश सहित BNS की धारा 103(1), 115(2), 118(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। FSL की मदद से मौके का पंचनामा किया गया है, जबकि CCTV और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। पोस्टमार्टम के बाद मितेन चौधरी का शव तावडिया गांव लाया गया, जहां कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे गांव में गम का माहौल छा गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m