० ‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ रैली में करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात, 10 हजार कुर्सियों और वॉटरप्रूफ टेंट का होगा इंतजाम
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर हरियाणा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को रैली स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
रैली स्थल पर तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित हुडा ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य पंडाल, सेक्टर व्यवस्था, पार्किंग, मीडिया लाउंज, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिलेगी हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। यह परियोजना हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ग्रीन एनर्जी और आधुनिक रेल परिवहन की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात
हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के अलावा प्रधानमंत्री प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़ी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात, पार्किंग, सीएनजी बसों, इलेक्ट्रिक वाहनों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
एक सप्ताह में दूसरी बार पहुंचे CM
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार जींद पहुंचे हैं। इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और भाजपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश धनखड़ भी तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। धनखड़ ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन देश की ग्रीन एनर्जी यात्रा को नई दिशा देगी।
ऐसा रहेगा हाइड्रोजन ट्रेन का शेड्यूल
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार हाइड्रोजन ट्रेन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सुबह 10:40 बजे सोनीपत से जींद के लिए रवाना होगी। हालांकि, किराए को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ होगी रैली की थीम
भाजपा ने प्रधानमंत्री की जनसभा को ‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ नाम दिया है। रैली में रेल मंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी और प्रदेश सरकार इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटी हैं।
10 हजार कुर्सियां, वॉटरप्रूफ टेंट और विशेष स्टेज
रैली स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य मंच 96 फीट लंबा और 36 फीट चौड़ा बनाया जाएगा। वीवीआईपी और वीआईपी मेहमानों के लिए अलग मंच और सोफों की व्यवस्था होगी। बारिश की आशंका को देखते हुए पूरे पंडाल को वॉटरप्रूफ बनाया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री के संभावित रूट पर आने वाली सड़क का भी तेजी से निर्माण कराया जा रहा है।

