चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के हरियाणा दौरे को लेकर प्रदेश में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया और सभी जिलों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, भाजपा विधायक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, प्रत्याशी और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि आयोजन अनुशासित, व्यवस्थित और भव्य होने चाहिए, ताकि हरियाणा के विकास की नई तस्वीर पूरे देश के सामने प्रस्तुत हो।

जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे प्रधानमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 जुलाई हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा वे प्रदेश को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे, जिससे परिवहन, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

हर जिले में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए। साथ ही भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सरकार की विकास योजनाओं का संदेश आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

विकास योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने पर जोर

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की जाने वाली परियोजनाओं के लाभों की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचाई जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने तथा लोगों को योजनाओं के महत्व से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

सफल आयोजन के लिए बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार और संगठन इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।