० अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से भिड़ी बस, हादसे के वक्त करीब 30 यात्री थे सवार

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेवाड़ी से कोसली जा रही एक निजी बस कोसली-टूमना मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कोसली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पूर्व सैनिक की गई जान

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान बालधन गांव निवासी 87 वर्षीय दीपचंद के रूप में हुई है। दीपचंद भारतीय सेना के पूर्व सैनिक थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

ये यात्री हुए घायल

हादसे में रेवाड़ी के शिवम, रामपुरी के प्रहलाद, बालधन खुर्द के दीपक, राजस्थान की अनुष्का, सुरहेली के बस्तीराम, बेरली खुर्द के अधिवक्ता सावंत, नयागांव के धर्मपाल और बीरमती, टूमना के कोमल, मनीषा और राजाराम घायल हुए हैं। सभी का कोसली के सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है।

करीब 30 यात्री थे बस में सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। पुलिस का कहना है कि चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।