Punjab Desk : तरनतारन. पंजाब के तरनतारन जिले के एक राइस मिल में भीषण आग लगने की घटना से इलाके में हड़ंकप मच गया है. जम्मू कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग स्थित डिस्ट्रिक्ट कोर्ट कॉम्प्लेक्स के सामने कैपिटल ओवरसीज नामक राइस मिल में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. यह घटना रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है. करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया.
जानकारी के मुताबिक आग लगने के कारण राइस मिल में करोड़ों का नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि सुबह हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से आग लगने की यह घटना हुई है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की जांच शुरू कर दी है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग स्थित डिस्ट्रिक्ट कोर्ट कॉम्प्लेक्स के सामने (गांव पिद्दी की सीमा में ) कैपिटल ओवरसीज के नाम से राइस मिल है, जहां चावल के इंपोर्ट और एक्सपोर्ट का काम होता आग रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे लगी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.
दमकल वाहन और कर्मचारी बढ़ाने की मांग
राइस मिलर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अवतार सिंह तनेजा ने सरकार से मांग की है कि हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा दिया जाए. भविष्य में ऐसी दूरघटनाओं को रोकने के लिए उचित व्यवस्था की जाए. तनेजा ने कहा कि तरनतारन जिले में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाएं हर दिन सामने आती हैं. जिले के एसएसपी सुरिंदर लांबा ने कहा कि आग की घटना की जांच की जा रही है. जिला फायर ऑफिसर वरिंदरजीत सिंह ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली, उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया. जिससे आग पर काबू पाना आसान हुआ.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

