दिल्ली में आज SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में इंडिया गठबंधन ने मार्च किया. कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत 19 दल आज संसद से चुनाव आयोग तक घेराव करने के लिए निकले थे. दूसरी ओर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को आकाशवाणी परिसर में रोक दिया गया था. इस दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए थे. जहां वे काफी देर तक बैठे रहे.
राहुल गांधी ने पुलिस की हिरासत और हटाने के प्रयासों का विरोध किया. वे प्रियंका गांधी के साथ आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर बरगद के पेड़ के नीचे बैठ गए थे. अब दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि आकाशवाणी भवन में चल रहे धरने को रात भर जारी रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन में धरना दे रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हटा दिया. ये नेता चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च के दौरान रोके जाने के बाद धरने पर बैठे थे. करीब 7 घंटे के हाई वोल्टेज ड्रामा पुलिस ने अंत करते हुए राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया. INDIA गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आकाशवाणी भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे.
राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस महासचिव और सांसद के. सी. वेणुगोपाल और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग समेत कांग्रेस के अन्य सांसदों को हिरासत में लिया गया और उन्हें पुलिस बस में देखा गया.
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार (6 अक्टूबर, 2026) की रात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया है.
इससे पहले पुलिस ने अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओब्रायन समेत कई सांसदों को हिरासत में लेकर बसों में बिठा लिया था। परिसर के अंदर भी पुलिस अधिकारियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं से जगह खाली करने को कहा.
दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मैंने पुलिस के लोगों से कहा कि आपको यहां से मुझे हटाना है तो हटा दीजिए लेकिन मुझे बता दीजिए कि मैं देश में कहां बैठ सकता हूं? इंडिया गेट पर, जंतर-मंतर पर, सड़क पर?
आकाशवाणी भवन परिसर में इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं का धरना खत्म कराने पहुंची पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस पार्टी ने नाराजगी जताई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

