कुंदन कुमार, पटना। बिहार के जमुई-लखीसराय सीमा क्षेत्र में नाबालिग युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्रता मामले को लेकर विपक्ष लगातार बिहार और केंद्र सरकार पर हमलावर है। राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर घटना का जिक्र करते हुए बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी के बयान पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

‘राहुल गांधी फूहड़ राजनीति करने वाले नेता’

संजय सरावगी ने कहा कि, जो घटना हुई है, उसको लेकर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया और कारवाई हो रही है। लेकिन जो कुछ राहुल गांधी बोल रहे हैं, उन्हें शर्म आना चाहिए। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी की माता को लेकर जिस तरह उनका बयान आया था। देश की जनता ने सुना था।

उन्होंने कहा कि, महिलाओं को लेकर उनके बयान हमेशा इसी तरह का आता है की वो शर्मसार करते हैं। लेकिन देश की जनता उनके बयान को हल्का में लेती हैं। जनता जानती है कि ये फूहड़ राजनीति करने वाले नेता हैं। इनके बयान से कोई फर्क नहीं पड़ता। बिहार में कानून का राज कायम है और जो गलत करेगा कड़ी कार्रवाई होगी और जमुई के मामले में भी वही हो रहा है।

जमुई की घटना पर राहुल गांधी का बयान

जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ करने के मामले में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे।

7 बजे के बाद कोई लड़की सुरक्षित क्यों नहीं?

राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि, इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक किसने दिया? यह “संस्कृति” नहीं है, यह patriarchy है। ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है। जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।

राहुल ने कहा कि, उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर POCSO के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। और अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?

ये भी पढ़ें- ‘तेजस्वी के कलेजा पर लोट रहा सांप’, उपेंद्र कुशवाहा ने बताई वजह, बोले- बौखलाहट में…