बिलासपुर/रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने, रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से अगस्त माह में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलों बिलासपुर, रायपुर एवं नागपूर में ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सघन एवं प्रभावी टिकट जांच की गई। इस दौरान कुल 60,822 अनियमित एवं बिना टिकट यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और उनसे 4,19,31,888 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
विशेष टिकट जांच अभियान के माध्यम से यात्रियों को उचित एवं वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे के निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। साथ ही बिना उचित टिकट के अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार लगेज बुक कराने के लिए प्रेरित किया गया।


रेलवे की अपील – टिकट के साथ ही करें यात्रा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध एवं उचित टिकट के साथ ही यात्रा करें। निर्धारित सीमा से अधिक लगेज होने पर उसकी नियमानुसार बुकिंग कराएं। टिकट जांच अभियान यात्रियों की सुविधा, रेलवे नियमों के अनुपालन तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से निरंतर जारी रहेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से रेलवे के नियमों का पालन करने तथा टिकट जांच कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी यात्रियों को संरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



