Raipur News: सत्या राजपूत, रायपुर. रायपुर जिले के कचना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बेखौफ तरीके से खनिजों के अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है. जहां दिनदहाड़े जेसीबी और ट्रकों से मिट्टी, मुरूम और पत्थरों का अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है. बताया जा रहा है कि करीब 30 एकड़ से ज्यादा जमीन को खोदकर भारी मात्रा में खनिज सामग्री चोरी कर निकाली जा चुकी है. प्रशासन को खुलेआम चुनौती देने वालों ने कार्रवाई से बचने के लिए जासूस भी तैनात कर रखे हैं.

दरअसल, लल्लूराम डॉट कॉम की टीम शुक्रवार को जब मौके पर पहुंची तो अवैध खनिज करने वालों में हड़कंप मच गया. ट्रक और जेसीबी चालक मौके से भागने लगे. टीम ने करीब एक किलोमीटर तक जेसीबी और ट्रकों का पीछा किया. रास्ता खत्म होने पर जेसीबी चालक वाहन को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गया.

विभाग को क्या अवैध उत्खनन की भनक तक नहीं ?
यह पूरा क्षेत्र कलेक्ट्रेट मुख्यालय से महज 5 से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. इसके बावजूद इतने बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन जारी रहने से खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि समतल जमीन को खदान बना दिया गया और खनिज विभाग को क्या इसकी भनक तक नहीं है?

बताया जा रहा है कि अवैध खनन करने वालों ने इलाके में अपने जासूस भी तैनात कर रखे हैं. रहेजा निर्वाण के पीछे जैसे ही कोई बाहरी व्यक्ति या वाहन प्रवेश करता है, तो जासूस तुरंत सक्रिय हो जाते हैं. मोदीनगर की ओर तालाब किनारे दुकान के पास बैठे लोग गतिविधियों पर नजर रखते हैं. सूचना मिलते ही ट्रक और जेसीबी मौके से फरार हो जाते हैं. अब देखना होगा कि खुलेआम चल रहे इस अवैध उत्खनन पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

