सत्या राजपूत, रायपुर। रायपुर में आईपीएल मुकाबले से पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दोपहर के बाद से ही शहर में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच होने वाले मुकाबले पर रद्द होने का खतरा मंडराने लगा है।

narayana

आज शाम रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में RCB और KKR के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाना है। प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में मैच से ठीक पहले शुरू हुई झमाझम बारिश ने क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने पहले ही 13 मई को रायपुर में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई थी। पिछले तीन दिनों से शाम के समय मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा था और मंगलवार शाम को भी शहर में बादल छाए रहे थे। अब मुकाबले से पहले हुई बारिश ने मौसम विभाग की चेतावनी को सही साबित कर दिया है।

हालांकि फिलहाल यह साफ नहीं है कि बारिश कितनी देर तक जारी रहेगी और इसका मैच पर कितना असर पड़ेगा। लेकिन अगर मुकाबले के दौरान बारिश होती है, तो ओवरों में कटौती या मैच रुकने जैसी स्थिति बन सकती है।

RCB और KKR के खिलाड़ियों ने नेट्स में बहाया पसीना

मंगलवार को दोनों टीमों ने रायपुर स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया था। RCB और KKR के खिलाड़ियों ने नेट्स में बल्लेबाजी और डेथ ओवर गेंदबाजी पर खास फोकस किया था। वहीं विराट कोहली को लेकर फैंस में खास उत्साह देखा जा रहा है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में विराट बिना खाता खोले आउट हो गए थे, ऐसे में समर्थकों को आज उनके बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद है।

गौरतलब है कि रायपुर RCB का दूसरा होम ग्राउंड है। टीम ने यहां 10 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब देखना होगा कि मौसम की चुनौती के बीच आज का मुकाबला बिना किसी रुकावट के पूरा हो पाता है या नहीं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H