Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ स्थित राजकीय जनाना अस्पताल में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहां एक महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है। नवजातों में 3 बेटियां और 1 बेटा शामिल है। अस्पताल में अब इस प्रसव की चर्चा हर तरफ है।

अस्पताल में खुशी का माहौल

ज्योति कश्यप (25) और अरुण कश्यप की शादी को 7 साल हो चुके हैं। इनका पहले से 5 साल का एक बेटा है। बुधवार को जब ज्योति को प्रसव पीड़ा हुई, तो उन्हें जनाना अस्पताल ले जाया गया। यहां सिजेरियन डिलीवरी के जरिए चारों बच्चों का जन्म हुआ। पिता अरुण कश्यप इसी हॉस्पिटल में काम करते हैं। उन्होंने कहा, मैंने तो एक बेटी की उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने तीन बेटियों और एक बेटे का आशीर्वाद दिया है। यह सब ऊपर वाले की मर्जी है।

NICU में रखे गए बच्चे

डॉक्टरों के मुताबिक, जच्चा और बच्चा फिलहाल पूरी तरह ठीक हैं। हालांकि, चारों बच्चों का वजन सामान्य से थोड़ा कम है। सुरक्षा के लिहाज से इन्हें अस्पताल की स्पेशल NICU यूनिट में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है। हॉस्पिटल में अब बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती है।

24 हजार में एक मामला

जनाना अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि अपने करियर में उन्होंने पहली बार ऐसा केस देखा है। डॉ. गुप्ता के अनुसार, एक साथ 4 बच्चों का जन्म होना कोई मामूली बात नहीं है। मेडिकल आंकड़ों की मानें तो करीब 24,000 प्रसव के मामलों में ऐसा सिर्फ एक केस देखने को मिलता है। यह वाकई में एक दुर्लभ स्थिति है। झालावाड़ का यह सरकारी अस्पताल फिलहाल इस अनोखे मामले की वजह से सुर्खियों में है।