Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में जुबानी जंग एकबार फिर तेज हो गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्रीगंगानगर की धरती से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा था कि एक पूर्व मंत्री जेल से बाहर आए हैं और दूसरा जेल जाने की तैयारी कर रहा है.

इस बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को पलटवार करते हुए कहा, ‘भेजो, कौन रोक रहा है? आप तो पूर्व मुख्यमंत्री को भी भेजने वाले थे. मैं तो कब से तैयार हूं. मैं तो मंत्री रहा हूं, मुझे भी जेल भेजो. डोटासरा बोले कि वे मंत्री रह चुके हैं और पूरी तरह तैयार हैं, चाहे सरकार उन्हें ही क्यों न भेज दे.
सरकार पर वार करते हुए डोटासरा ने कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े मगरमच्छ पकड़ने के दावे किए थे, लेकिन दो साल में मच्छर भी नहीं पकड़ पाए. उनके मुताबिक महेश जोशी को जेल भेजा गया था, पर वे भी जमानत पर बाहर आ गए. उन्होंने भविष्यवाणी की कि हालात ऐसे ही रहे तो जेल जाने की बारी खुद भाजपा नेताओं की ही आएगी.
बात यहीं नहीं रुकी. डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस को बेनकाब करने की वजह से उनके घर पर ईडी की रेड कराई गई. उन्होंने कहा कि देश की स्थिति भी इंडिगो फ्लाइट जैसी हो गई है, जहां आम आदमी परेशान है और आवाज उठाने पर उसे एजेंसियों का डर दिखाया जाता है. जबकि भाजपा के बड़े नेता प्राइवेट बैंक खरीद रहे हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती.
अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस पर भी सियासत गरम रही. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का कहना था कि जयपुर के अंबेडकर सर्किल पर इस बार पुष्पांजलि कार्यक्रम तक नहीं रखा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को अंबेडकर सिर्फ चुनावों में याद आते हैं. जूली ने आगे कहा कि सरकार पांच साल से निकाय और पंचायत चुनाव नहीं करा रही, जो संविधान की खुली अवहेलना है.
पढ़ें ये खबरें
- जमीन विवाद में पाटीदारों ने कार सवार पर बरसाईं गोलियां, सीने में लगी बुलेट, हालत गंभीर
- Upcoming Kia Sorento SUV : टोयोटा फॉर्च्यूनर के दबदबे को चुनौती देने आ रही है Kia की यह नई हाइब्रिड SUV
- सोनीपत में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, कंगना रनौत और प्रहलाद जोशी का पुतला फूंका
- गाजीपुर से योगी का सख्त संदेश, ‘माफिया को मिट्टी में मिला दिया, अब संरक्षण देने वालों की भी खैर नहीं’
- बस ड्राइवर के घर 28 करोड़ कैश और 15kg सोना मिला: जांच टीम की चौंधिया गई आंखें, नोट गिनते-गिनते 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें हो गई खराब

