RCB vs MI IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के दूसरे और सीजन के 54वें मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने हैं। RCB के दूसरे होम ग्राउंड यानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पिछले मैच की ही तरह इस मैच में भी हार्दिक पांड्या उपलब्ध नहीं हैं। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव MI की कप्तानी कर रहे हैं। दोनों टीमों ने पिछले मैच की अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

मौजूदा सीजन में शानदार शुरुआत करने वाली RCB की टीम पिछले दो मुकाबलों में लगातार हार झेलने के बाद दबाव में नजर आ रही है। टीम ने अब तक खेले गए 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ 12 अंक हासिल किए हैं और पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम आज का मुकाबला जीतकर हार की हैट्रिक से बचने के साथ-साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंचने की कोशिश करेगी।

वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इस सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने अब तक 10 मुकाबलों में सिर्फ 3 जीत दर्ज की हैं, जबकि 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। 6 अंकों के साथ MI फिलहाल पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है। ऐसे में आज का मुकाबला मुंबई के लिए ‘करो या मरो’ जैसा माना जा रहा है, क्योंकि इस मैच में हार मिलने पर टीम बाकी बचे तीन मुकाबले जीतने के बावजूद अधिकतम 12 अंक तक ही पहुंच पाएगी और प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो जाएगी।

बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

RCB vs MI हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में RCB और MI के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मैच खेले गए हैं। RCB ने 15 और MI ने 19 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा, जिसे सुपर ओवर में बेंगलुरु ने जीता था। पिछले सीजन दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसे RCB ने जीता। इस सीजन के पहले मैच में भी बेंगलुरु ने वानखेड़े में मुंबई को 18 रन से हराया था।

SVNS स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

RCB और MI के बीच यह मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम (SVNS Stadium) की फ्रेश पिच पर खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस मैदान पर आखिरी IPL मुकाबला करीब 10 साल पहले, यानी 2016 में खेला गया था। पिछले कई वर्षों में यहां केवल टी20 इंटरनेशनल मैच आयोजित हुए हैं, ऐसे में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को इस पिच की मौजूदा परिस्थितियों का ज्यादा अनुभव नहीं है।

SVNS स्टेडियम की पिच की पिच शुरुआती ओवरों में अच्छा बाउंस और पेस प्रदान करती है, जिससे पावरप्ले के दौरान बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। हालांकि यह भारत के सबसे बड़े क्रिकेट मैदानों में शामिल है, इसलिए यहां लंबी बाउंड्री के चलते बड़े छक्के लगाना आसान नहीं रहता। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए सटीक टाइमिंग और गैप में शॉट लगाना ज्यादा अहम हो जाता है।

शुरुआती चरण में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की संभावना रहती है, जबकि मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिनर्स को भी पिच से ग्रिप और टर्न मिल सकता है। वहीं शाम के समय ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिलने की उम्मीद रहेगी।

SVNS स्टेडियम में IPL के रिकॉर्ड

SVNS स्टेडियम के IPL रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यहां अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं, जो 2013, 2015 और 2016 सीजन के दौरान आयोजित हुए थे। इन मैचों में 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की, जबकि 4 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं।

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 146 रन रहा है। हालांकि यह आंकड़े उस दौर के हैं, जब IPL में इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू नहीं था और टी20 क्रिकेट की बल्लेबाजी शैली भी मौजूदा समय से काफी अलग थी। उस समय 180 रन का स्कोर चुनौतीपूर्ण माना जाता था, लेकिन अब 200 से ज्यादा रन भी सुरक्षित स्कोर नहीं माने जाते। मौजूदा दौर की आक्रामक बल्लेबाजी और दोनों टीमों की पावर-हिटिंग क्षमता को देखते हुए यहां 200 प्लस स्कोर बनने की पूरी संभावना है।

गेंदबाजी आंकड़ों की बात करें तो इस मैदान पर गेंदबाजों का इकॉनमी रेट 7.48 और विकेट लेने का औसत 29.02 रहा है। पुराने आंकड़े बताते हैं कि यहां रन अपेक्षाकृत कम बने, लेकिन विकेट भी कम गिरे। हालांकि ये सभी रिकॉर्ड करीब 10 साल पुराने हैं, इसलिए मौजूदा टी20 क्रिकेट के संदर्भ में इन्हें पूरी तरह निर्णायक नहीं माना जा सकता। आज के दौर में बल्लेबाज पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलने का माद्दा रखते हैं, जो पहले कम देखने को मिलता था।

RCB और MI की प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार

इम्पैक्ट प्लेयर: देवदत्त पडिक्कल, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर

मुंबई इंडियंस (MI)

रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रित बुमरा, एएम ग़ज़नफ़र

इम्पैक्ट प्लेयर: रघु शर्मा, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H