शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से ताल्लुक रखने वाले अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस के सात मामलों में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. बुधवार को कोर्ट ने उन्हें 13 अक्टूबर तक 2 करोड़ रुपये जमा करने का अल्टीमेटम दिया. कोर्ट ने साफ कहा कि रकम जमा होने के बाद ही दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश के खिलाफ उनकी याचिका पर विचार किया जाएगा, जिसमें उन्हें दोषी ठहराते हुए तीन महीने की सजा सुनाई गई है.
इसे भी पढ़ें- मेरठ में सांप से पति को डसवाने वाली रविता व प्रेमी अमरदीप दोषी, 16 अक्टूबर को सजा का एलान
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव ने बेंच के सामने हाथ जोड़कर प्रणाम किया. उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ में 200-250 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. इस पर CJI सूर्यकांत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म की तरह उनका पैसा भी ‘अता पता लापता’ हो गया.
राजपाल पर 2 करोड़ जमा करने की शर्त
राजपाल यादव ने कोर्ट को बताया कि वह शिकायतकर्ता को 2 करोड़ रुपये देने के लिए तैयार हैं. उन्होंने 1.15 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भी पेश किया और बाकी 85 लाख रुपये एक प्रॉपर्टी बेचकर देने की बात कही. उनका दावा है कि प्रॉपर्टी का खरीदार कोर्ट में मौजूद है.
5 करोड़ के लोन से शुरू हुआ विवाद
मामला साल 2010 का है. फिल्म निर्माण के लिए राजपाल यादव ने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. इसमें 1.05 करोड़ रुपये के सात चेक बाउंस हो गए. ब्याज और अन्य शुल्क जुड़ने के बाद देनदारी बढ़ती चली गई. इसी मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें तीन महीने की सजा सुनाई थी.
कोर्ट ने दी सजा बढ़ाने की चेतावनी
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राजपाल को बार-बार समय इसलिए दिया जा रहा है, ताकि शिकायतकर्ता को उसका पैसा मिल सके. कोर्ट ने देरी वाले रवैये पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि कानून की प्रक्रिया का इस तरह इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. कोर्ट ने सजा बढ़ाने पर विचार करने के भी संकेत दिए.
इसे भी पढ़ें- UP में फिर दौड़ी तबादला एक्सप्रेस, 20 IPS अफसरों को किया गया इधर से उधर, कई अधिकारियों को जिलों की कमान
CJI ने कहा- अच्छी फिल्में बनाइए
सुनवाई के दौरान CJI ने राजपाल को अच्छी फिल्में बनाने और लोगों का मनोरंजन करने की सलाह दी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सुप्रीम कोर्ट में पेश होने वाले वकील भी अच्छे कलाकार होते हैं, जिन्हें फिल्मों में कास्ट किया जा सकता है.
राजपाल यादव मूल रूप से शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के कुंडरा गांव के रहने वाले हैं. जिस कंपनी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया, उसके मालिक उद्योगपति माधौ गोपाल अग्रवाल भी शाहजहांपुर के निवासी बताए जाते हैं. इस तरह चेक बाउंस का यह मामला राजपाल के फिल्मी करियर के साथ उनके गृह जिले शाहजहांपुर से भी जुड़ा है.

