मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या . राम मंदिर ट्रस्ट की बुधवार को प्रस्तावित अहम बैठक में सबसे बड़ा फैसला ट्रस्ट के पहले CEO (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) के चयन को लेकर होगा. CEO चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति मंगलवार यानी (1 सितंबर 2026) को तीन फाइनल नाम ट्रस्ट को सौंप सकती है. इसके बाद बुधवार की बैठक में इन नामों पर चर्चा कर अंतिम नाम तय किए जाने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, लखनऊ में निकाला विरोध मार्च

राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव की ओर से बैठक का एजेंडा जारी कर दिया गया है और सभी सदस्यों को आमंत्रण पत्र भेजे गए हैं. CEO के अलावा मंदिर प्रबंधन, दर्शन व्यवस्था और ट्रस्ट के कामकाज से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा होगी.

5585 आवेदनों में से 3 नाम हुए फाइनल

CEO पद के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति में रिटायर्ड जज प्रमोद कोहली, विष्णु कांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल हैं. बताया गया है कि CEO पद के लिए समिति को कुल 5585 आवेदन मिले थे. आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद ऑनलाइन इंटरव्यू के जरिए 111 उम्मीदवारों को छांटा गया. इसके बाद मेरिट के आधार पर 16 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया. अब समिति तीन नामों को अंतिम रूप देकर ट्रस्ट के सामने रखने की तैयारी में है.

बुधवार को दो सत्रों में होगी बैठक

ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास के मुताबिक बैठक मणिराम छावनी मंदिर में होगी. बैठक का पहला सत्र दोपहर दो बजे और दूसरा सत्र शाम चार बजे से आयोजित किया जाएगा. CEO चयन के साथ ट्रस्ट के तीन खाली ट्रस्टी पदों को भरने पर भी चर्चा हो सकती है.

प्रवक्ता से लेकर मंदिर प्रबंधन तक चर्चा

बैठक के एजेंडे में ट्रस्ट के प्रवक्ता की नियुक्ति, सालाना लेखा-जोखा और मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा शामिल है. इसके अलावा मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और बेहतर बनाने व श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी मंथन किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- एक महीना, एक संकल्प: पीएम मोदी के जन्मदिन पर BJP का बड़ा अभियान, देखें पूरा शेड्यूल

सुप्रीम कोर्ट की SIT रिपोर्ट भी एजेंडे में

राम मंदिर से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल SIT रिपोर्ट पर भी ट्रस्ट की बैठक में चर्चा प्रस्तावित है. इसके अलावा मंदिर संचालन और व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा. CEO की नियुक्ति को राम मंदिर के स्थायी और पेशेवर प्रशासन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. अब सभी की नजर समिति की ओर से सौंपे जाने वाले तीन नामों और बुधवार को होने वाले अंतिम फैसले पर है.