लखनऊ. समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर पलटवार किया है. ओवैसी ने कहा था कि ‘अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, लीडर बनेगा.’ इस पर राजभर ने सवाल उठाया कि अब्दुल क्या करेगा, यह तय करने वाले ओवैसी कौन हैं? उन्होंने ओवैसी के बयान को भ्रामक बताया. साथ ही आरोप लगाया कि ऐसे बयान जातिगत और धार्मिक उन्माद पैदा करने के लिए दिए जाते हैं.
इसे भी पढ़ें- UP के इस गांव में दशहरे पर नहीं जलता रावण, 1000 साल पुरानी प्रतिमा की होती है पूजा
‘अब्दुल क्या करेगा, यह कौन तय करेगा?’
रमाशंकर राजभर ने कहा कि क्या ओवैसी अब्दुल के ठेकेदार हैं? वे तय करेंगे कि अब्दुल दरी बिछाएगा या राज करेगा? उन्होंने सवाल किया कि अगर अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, तो पहले ओवैसी किसकी दरी बिछा रहे हैं? वे किनके प्रभाव में ऐसे बयान दे रहे हैं? राजभर ने कहा कि इस तरह के बयानों का समाज पर क्या असर पड़ता है, इसका भी ध्यान रखना चाहिए.
‘बयान प्रायोजित, शब्द कहीं और से आते हैं’
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि ऐसे बयान प्रायोजित होते हैं. उनके मुताबिक, बोलने वाले का मुंह होता है, लेकिन शब्द कहीं और से लाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों का कोई मतलब नहीं है. राजभर ने कहा कि देश सभी का है. यह जितना राम का है, उतना ही रहीम का भी है. यहां किसी को दरी बिछाने तक सीमित नहीं किया जा सकता.
जाति और धर्म के नाम पर बयानबाजी पर सवाल
राजभर ने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर दिए जाने वाले बयान लोगों को भ्रमित करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान समाज में जातिगत उन्माद पैदा कर सकते हैं. उनका कहना था कि देश के सभी नागरिक बराबर हैं और किसी को भी किसी समुदाय के लोगों की भूमिका तय करने का अधिकार नहीं है.
इसे भी पढ़ें- ‘कन्नौज में खाली कुर्सियों ने बता दी अखिलेश की हैसियत’, ओम प्रकाश राजभर का सपा प्रमुख पर करारा तंज
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर क्या बोले राजभर?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर भी राजभर ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर अपेक्षा करना गलत नहीं है. हालांकि, पिछले 15 दिनों से दोनों दलों की ओर से इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं आया है. राजभर ने कहा कि इसका मतलब है कि गठबंधन तय हो चुका है और अब केवल घोषणा बाकी है. उन्होंने कहा कि सही समय आने पर पार्टी के नेता इसकी घोषणा कर देंगे.

