हेमंत शर्मा, इंदौर। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। इंदौर पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने उद्धव ठाकरे और उनकी शिवसेना पर निशाना साधते हुए बड़ा दावा किया है। अठावले के मुताबिक उद्धव गुट के कई मौजूदा सांसद और विधायक पाला बदलकर NDA में शामिल होना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: चंदे पर सियासत: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का RSS पर सीधा वार- ‘मंदिरों से पहले RSS करे चंदे की जानकारी सार्वजनिक’
उद्धव की पार्टी हो रही कमजोर- अठावले
केंद्रीय मंत्री अठावले ने उद्धव ठाकरे के सियासी वजूद पर सवाल उठाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में उद्धव गुट का जनाधार अब लगातार घट रहा है और उनका राजनीतिक भविष्य मजबूत नहीं बचा है। उन्होंने संभावना जताई कि भविष्य में खुद उद्धव ठाकरे भी एनडीए का हिस्सा बन सकते हैं। अठावले ने कहा कि शिवसेना दिन-ब-दिन कमजोर हो रही है। उनके नेता और जमीनी कार्यकर्ता अब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।
‘एनडीए में आने का रास्ता खुला, जाने का बंद’
गठबंधन की राजनीति पर तंज कसते हुए रामदास अठावले ने एक दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एनडीए में आने का रास्ता तो हमेशा खुला रहता है लेकिन एक बार आने के बाद यहाँ से बाहर जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है।
संजय राउत पर कसा तंज
शिवसेना के दिग्गज नेता संजय राउत के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अठावले ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि संजय राउत को तो उनकी पार्टी ने सिर्फ और सिर्फ बयानबाजी करने के लिए ही रखा है, इसलिए उनके बयानों को ज्यादा गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें: नेता जी पहुंचे थे गाड़ी छुड़वाने, कुत्ते के गुर्राने पर कर बैठे विवाद! थाने में आरक्षक ने लगाई जमकर फटकार; मुंह लटका कर थाने से हो गए बाहर
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कड़ा रुख
इंदौर में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून की नजर में सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, चाहे वह कितने भी बड़े पद पर बैठा व्यक्ति हो या किसी का ड्राइवर, कानून सभी पर समान रूप से और सख्त कार्रवाई करेगा। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

